-->

योगी के मंत्री का दावा, यूपी में बाढ़ से हुई हैं सिर्फ 10 मौतें

<strong>बरेली</strong>: एक तरफ उत्तर प्रदेश के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं, लाखों लोग प्रभावित हैं और सैकड़ों लोगों के मरने की खबर है. वहीं बरेली पहुंचे प्रदेश के सिचाई मंत्री धर्मपाल सिंह का कहना है कि प्रदेश में बाढ़ से सिर्फ 10 मौतें हुई हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यूपी में 40 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं जिनमें से 26 जिले अतिसंवेदनशील है और 14 जिले संवेदनशील हैं. जब उनसे पत्रकारों ने पूछा कि बाढ़ से इस साल प्रदेश में कितने लोगों की मौत हुई है तो उन्होंने कहा कि बाढ़ से ज्यादा मौते नहीं हुई हैं, केवल 10 मौते हुई हैं, वो भी बाढ़ से नहीं बल्कि बाढ़ के दौरान घर गिरने से हुई है. <strong>बाढ़ से निपटने के लिए 384 करोड़ रुपया किया गया आवंटित</strong> सर्किट हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 मई को बैठक बुलाई थी. जिसमें 40 जिलों के डीएम एसएसपी मौजूद रहे थे. मैंने और मुख्यमंत्री जी ने बाढ़ प्रभावित इलाको का दौरा किया है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री बाटने का काम किया. बाढ़ से किसी तरह की जनहानि और धनहानि न हो इसके प्रबंध पहले ही कर दिए गए थे. इसके साथ ही हमने गत वर्ष से इस वर्ष चौगुना धन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ठीक करने के लिए दिया है. पिछली बार 80 करोड़ रुपए दिए थे, इस बार 384 करोड़ रुपया आवंटित किया गया है. इसलिए इस बार बाढ़ की विभीषिका से पूरी बचत हुई है. इस बार जनहानि-धनहानि मामूली हुई है और कोई तटबंध कटा नहीं है. इसके अलावा बाढ़ से किसानों की खेती का जो नुकसान हुआ है उसका डीएम मुआयना करा लेंगे जिसके बाद किसानों को उसका मुआवजा मिल जायेगा. <strong>बरेली में बढ़ा बुखार का प्रकोप, निजी डाक्टरों की ली जाएगी मदद</strong> सिचाई मंत्री ने माना है कि बरेली जिले में डॉक्टरों की कमी है. इससे निपटने के लिए निजी डॉक्टरों से बात करके कैंप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आंवला के गांव बेहटा बुज़ुर्ग में सर्वाधिक मौते हुई हैं वहां निजी डाक्टरों के साथ मिलकर कैंप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि संक्रामक रोगों की वजह से मौते हुई है. उन्होंने डीएम और सीएमओ को निर्देश दिए है कि मरीजों का सही इलाज करवाया जाये. <strong>योगी सरकार में नहीं होने देंगे एससीएसटी का दुरुप्रयोग</strong> वहीं एससीएसटी कानून पर धर्मपाल ने कहा कि एससी-एसटी का दुरुप्रयोग प्रदेश में नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि एक एडीएम ने एससीएसटी का दुरुप्रयोग किया था तत्काल उसे निलंबित कर दिया गया.

from uttar-pradesh https://ift.tt/2CSuTmO
LihatTutupKomentar